बिहार शरीफ मुख्यालय के दीपनगर थाना क्षेत्र के दौलाचक गांव में रविवार रात भूमि विवाद को लेकर हुए संघर्ष में महिला समेत 6 लोग जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक पक्ष से भीम सिंह, सत्यम सिंह और ललन सिंह जख्मी हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से बबीता देवी, खुशबू देवी और प्रकाश सिंह शामिल हैं।
घायल भीम सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी जमीन पर पिलर डलवाने का काम किया था। रात को प्रकाश सिंह नशे में आकर गाली-गलौज करने लगा और पिलर उखाड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दूसरी ओर, बबीता देवी ने आरोप लगाया कि उनके घर पर आकर मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गईं।
दीपनगर थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार राम ने बताया कि गोतिया के दो पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर मारपीट हुई है। ललन सिंह की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से अब तक कोई आवेदन नहीं आया है। आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।