प्रखंड के जदयू प्रखंड अध्यक्ष सीताराम प्रसाद समेत 14 लोग गिरफ्तारी पर राजद विधायक राकेश कुमार रौशन जदयू पर बोले हमला
बिहार थाना क्षेत्र के अंबेर मोहल्ले में गुप्त सूचना पर अस्थावां प्रखंड के जदयू प्रखंड अध्यक्ष सीताराम प्रसाद समेत 14 लोगों की गिरफ्तारी के बाद राजनीति तेज हो गई है। इस घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के इस्लामपुर विधायक राकेश कुमार रौशन ने जदयू पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि नालंदा में शराबकांड में जदयू प्रखंड अध्यक्ष की गिरफ्तारी यह साफ दर्शाती है कि बिहार में सत्ता के संरक्षण में शराब माफियाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। सफेदपोश नेता भी अब शराब माफियाओं की तरह कारोबार में लिप्त हैं, जिसके चलते बिहार में एक समानांतर अर्थव्यवस्था का निर्माण हो रहा है।
विधायक रौशन ने कहा कि जदयू प्रखंड अध्यक्ष की गिरफ्तारी केवल एक उदाहरण है। अगर इस मामले की गहराई से जांच की जाए तो सत्ता पक्ष के कई लोग शराब के अवैध धंधे में शामिल पाए जाएंगे। यह नालंदा में दूसरी बड़ी घटना है; इससे पहले हरनौत प्रखंड अध्यक्ष की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।