छपरा :- जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव में रात सो रही एक बच्ची को सियार टांग कर ले गया। खोजबीन के दौरान घर से करीब एक सौ मीटर की दूरी पर मृत बच्ची के क्षतविक्षत शव को बरामद किया गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोहड़ा गांव निवासी रंगलाल बांसफोर की पुत्री व पिंटू बांसफोर की पत्नी काजल देवी रात में अपनी बेटी 2 वर्षीय पीहू के साथ अपने पलानीनुमा मकान में सो रही थी। बगल में पुत्र विशाल भी सोया था।
रात में करीब 2 से 3 बजे के बीच नींद टूटी तो काजल देवी उठकर बैठ गई। बगल में सोयी बेटी को गायब देख चिल्ला उठी। शोर सुनकर उसकी माँ सुमिता देवी समेत आसपास के लोग भी जग गए और बच्ची की खोजबीन करने में जुट गए। कुछ देर बाद घर से एक सौ मीटर की दूरी पर बच्ची के शव को नोंचते सियार के झुंड पर नजर पड़ी। लोग पहुंचे तो सियार भाग खड़े हुए। सियार बच्ची के शव का आधा हिस्सा खा गए थे। उसके बाद क्षत विक्षत शव को उठाकर लाया गया।
सुबह में परिजनों ने स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि व रालोमो नेता ओमप्रकाश कुशवाहा को घटना की जानकारी दी। उसके बाद ओमप्रकाश कुशवाहा ने मांझी सीओ सौरभ अभिषेक व दाउदपुर थानाध्यक्ष नवलेश को सूचित किया। उसके बाद दाउदपुर थाना पुलिस के सहयोग से उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजवाया। मौके पर सरपंच प्रतिनिधि राज कुमार राय, पूर्व बीडीसी प्रतिनिधि हसनैन आलम समेत कई लोग मौजूद थे। घटना के बाद से मृत बच्ची के परिवार में मातम छा गया है। वहीं सियार के आदमखोर बनने व फिर किसी बच्चे को निशाना बनाने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।